Home Haryana पानीपत इलेक्ट्रिक बस डिपो तीन माह में होगा शुरू, 50 में से...

पानीपत इलेक्ट्रिक बस डिपो तीन माह में होगा शुरू, 50 में से 15 बसें मिलीं – परिवहन मंत्री

124
0

Chandigarh,19 December-:हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि पानीपत इलेक्ट्रिक बस डिपो पूरी क्षमता के साथ बसों के संचालन के लिए तैयार है और इसे आगामी तीन महीनों के भीतर चालू कर दिया जाएगा। पानीपत को आवंटित 50 इलेक्ट्रिक बसों में से अब तक 15 बसें डिपो को उपलब्ध कराई जा चुकी हैं,जबकि शेष बसें भी अगले तीन महीनों में मुहैया करवा दी जाएंगी।

अनिल विज आज चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पानीपत शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है।इसके साथ ही शहर में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण भी किया गया है।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार तकनीकी जरूरतों और भविष्य की मांग को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है।सरकार चाहती है कि राज्य के बस बेड़े में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें शामिल हों, लेकिन इसके लिए मजबूत आधारभूत संरचना आवश्यक है। वर्तमान में इलेक्ट्रिक वाहन तो उपलब्ध हैं,लेकिन पर्याप्त संख्या में चार्जिंग स्टेशन नहीं हैं।उन्होंने बताया कि हाल ही में देशभर की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा हुई, जिसमें यह स्पष्ट किया गया कि जब तक पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित नहीं होंगे,तब तक इलेक्ट्रिक वाहन पूरी तरह से व्यवहारिक नहीं हो सकते। केवल घर पर चार्जिंग की सुविधा पर्याप्त नहीं है,क्योंकि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन आवश्यक होते हैं।विज ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग के दौरान लोगों को दो घंटे तक रुकना पड़ता है, लेकिन वहां शौचालय, रेस्टहाउस और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वाहन निर्माता कंपनियों को सलाह दी कि देशभर में ऐसे चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएं, जहां चार्जिंग के साथ-साथ शौचालय, रेस्टोरेंट और विश्राम की सुविधाएं भी उपलब्ध हों।उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से भी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना के लिए कार्य किया जा रहा है और इस उद्देश्य से ऊर्जा विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है, ताकि राज्यभर में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here