Faridabad,7 December-:फरीदाबाद में दिव्यांगों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य के साथ एक विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया गया। शहर की विभिन्न दिव्यांग संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से किए गए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने रैली में शिरकत की और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
रैली के दौरान लोगों ने मेयर प्रवीण बत्रा जोशी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मेयर ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सशक्त बनाना सरकार के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में संस्था स्पेशल अचीवर्स लगातार इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रही है और ऐसे कार्यक्रम जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।मेयर ने यह भी कहा कि शहर में दिव्यांगों के लिए बेहतर सुविधाएँ, रोजगार के अवसर और प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों की ऊर्जा और उत्साह देखकर उन्होंने प्रशंसा व्यक्त की।
साइकिल रैली में फरीदाबाद के सैकड़ों दिव्यांगजन शामिल हुए। उनके साथ शहरवासी भी कदम से कदम मिलाते नजर आए। सभी का उद्देश्य एक ही था — यह संदेश देना कि दिव्यांग होना कमजोरी नहीं,बल्कि एक अलग प्रकार की ताकत है जिसे सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से आगे बढ़ाया जा सकता है।इस मौके पर संस्था की चेयरपर्सन और दिव्यांगजन के लिए प्रेरणा स्रोत माधवी हंस ने कहा कि ईश्वर हर व्यक्ति को एक विशेष क्षमता देता है।दिव्यांगजन किसी से कम नहीं होते, बस उनकी विशेषताओं को समझने और सही दिशा देने की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था का उद्देश्य हर दिव्यांग व्यक्ति को आगे बढ़ाने और उन्हें किसी के सामने झुकने से रोकने के लिए निरंतर काम करना है।दिव्यांगों की यह साइकिल रैली फरीदाबाद में न केवल उत्साह का संचार कर गई, बल्कि समाज को यह सकारात्मक संदेश भी दे गई कि संवेदनशीलता, सहयोग और जागरूकता ही एक सशक्त समाज की पहचान है।







