Panchkula,7 December-:शहर में सुरक्षा और सतर्कता को मजबूत करने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस की ईआरवी टीमें लगातार रात-दिन गश्त कर रही हैं।शनिवार देर रात पुलिस की तत्परता ने दो अलग-अलग घटनाओं में लोगों की जान बचाई और उनके भय को दूर किया।
पहली घटना – देर रात खड़ी दो लड़कियों को सुरक्षित घर पहुंचाया
लगभग रात 1 बजे ईआरवी 709 टीम जब ऑल्ड पंचकूला बस स्टैंड के पास पेट्रोलिंग कर रही थी,उन्हें वहाँ दो लड़कियाँ खड़ी दिखाई दीं। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वे पुराना पंचकूला से शिमला जाने के लिए निकली थीं,लेकिन रात में उनका वाहन निकल गया और आगे कोई दूसरी गाड़ी उपलब्ध नहीं थी।स्थिति को समझते हुए ईआरवी टीम ने स्वयं जिम्मेदारी लेते हुए दोनों को सुरक्षित उनके चूना भट्टी स्थित घर तक छोड़ा। टीम में ईआरवी इंचार्ज सुरिन्द्र पाल, एसपीओ रणजीत और होमगार्ड जगपाल मौजूद थे। लड़कियों के पिता ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि पंचकूला पुलिस ने जिस संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से उनकी बेटियों की सहायता की, वह सराहनीय है।
दूसरी घटना – सेक्टर-17 में लिफ्ट में फंसे छह लोगों का बचाव
इसी बीच, ईआरवी 708 टीम को सूचना मिली कि सेक्टर-17 स्थित एक घर की लिफ्ट में छह लोग फंस गए हैं।सूचना मिलते ही टीम—इंचार्ज शक्ति सिंह, होमगार्ड हरि सिंह और एसपीओ रामसिंह—तेजी से मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद लेते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस कर्मियों की तुरंत की गई कार्रवाई के कारण किसी संभावित हादसे से बचाव हो गया।अधिकारियों ने ईआरवी इंचार्ज रामूस्वामी और दोनों ईआरवी टीमों की त्वरित रिस्पॉन्स और मानवीय संवेदनशीलता की प्रशंसा की।पंचकूला पुलिस ने नागरिकों को पुनः आग्रह किया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत 112 पर संपर्क करें। पुलिस हमेशा सहायता के लिए तैयार है।







