अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला में 1857 की क्रांति पर आधारित शहीदी स्मारक को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने हवन-यज्ञ के साथ स्मारक का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्मारक में स्थापित शहीदों की गैलरी का अवश्य भ्रमण करें और देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित करें।
अनिल विज ने कहा कि यह शहीदी स्मारक स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाएगा। स्मारक में बनाई गई विशेष गैलरी में उन शहीदों के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को इस गैलरी में जाकर शहीदों के योगदान को जानना चाहिए और उनके प्रति सम्मान प्रकट करना चाहिए।
मंत्री ने बताया कि स्मारक खुलने के शुरुआती एक महीने तक प्रतिदिन 500 लोगों को इसे देखने का अवसर मिलेगा। इसके लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पहले आधार कार्ड की जानकारी दिए बिना भी टिकट बुक हो रही थी, लेकिन आधार कार्ड का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले लोगों की बुकिंग रद्द कर दी गई है। फिलहाल इस महीने के लिए कुछ टिकट उपलब्ध हैं। इच्छुक लोग ऑनलाइन बुकिंग कर स्मारक का भ्रमण कर सकते हैं।
विज ने बताया कि शुरुआती एक महीने की अवधि पूरी होने के बाद स्मारक में प्रवेश के लिए शुल्क निर्धारित किया जाएगा। करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह शहीदी स्मारक 1857 की क्रांति के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।







