Palwal,7 December-:पलवल जिले के टिकरी ब्राह्मण गांव में लगभग ढाई महीने पहले सामने आए एक नाबालिग लड़की के कथित धर्मांतरण प्रयास मामले में पुलिस की जांच प्रक्रिया से असंतुष्टि जताते हुए स्थानीय समाज के लोगों ने गुर्जर धर्मशाला में 52 पाल की पंचायत बुलाई।पंचायत की अध्यक्षता 52 पाल के अध्यक्ष अरुण जेलदार ने की।बैठक में समुदाय के प्रतिनिधियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर चिंता व्यक्त की और सर्वसम्मति से 31 सदस्यीय कमेटी का गठन किया।
पुलिस को 15 दिन में कार्रवाई पूरी करने की मांग
पंचायत ने प्रशासन को 15 दिनों का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में बचे हुए नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती,तो आगे की रणनीति पर पुनः बड़ी पंचायत में निर्णय लिया जाएगा। पंचायत ने संभावित स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार पर होने की बात भी कही।पंचायत में वक्ताओं का कहना था कि घटना के बाद दर्ज मामले में कुल आठ लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस ने अब तक इनमें से दो नामित व्यक्तियों—जिनमें एक मौलवी भी शामिल है—को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य तीन लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पंचायत का आरोप है कि कुछ नामजद आरोपी अब भी खुले घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि पुलिस की कार्रवाई ढीली है,जिससे लोगों में रोष बढ़ रहा है।बैठक के बाद डीएसपी मनोज वर्मा पंचायत प्रतिनिधियों से मिलने पहुंचे।लोगों ने उनके सामने अपनी चिंताएं रखीं,जिस पर डीएसपी ने निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस शुरू से ही मामले पर पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। पंचायत की ओर से रखे गए कुछ बिंदुओं पर भी पुलिस जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगी।







