कैथल | हरियाणा में मौसम अब और ठंडा हो गया है। राज्य के कई इलाकों में आज से हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। कैथल जिले में न्यूनतम तापमान 5.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5°C कम है। वहीं, प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1°C नीचे रिकॉर्ड किया गया। हिसार में तापमान 5.7°C तक पहुंच गया, जबकि एक दिन पहले यह 6.6°C था।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 12 शहरों में तापमान 8°C या इससे कम दर्ज किया गया। दिन के तापमान में भी गिरावट आई है। यमुनानगर में अधिकतम तापमान 21.7°C रहा, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम था। नारनौल में दिन का तापमान 22.8°C रहा, जो पिछले दिनों की तुलना में 5.5°C कम है। हिसार में अधिकतम तापमान 25.5°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9°C कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में 28 नवंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 27 और 28 नवंबर को आंशिक बादलों के दिखने की संभावना बनी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि दिन-रात के तापमान में यह गिरावट आम दिनों के मुकाबले तेज रही है। लोगों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और खासकर सुबह-शाम की ठंड से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।







