अंबाला | अंबाला छावनी के राय मार्केट क्षेत्र में एसएचओ सुरेन्द्र की दुकान के बाहर रखे सामान पर लात मारने की घटना सामने आई। यह पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और व्यवहार पर सवाल उठने लगे हैं। एसएचओ का कहना है कि दुकानदार को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन वह सामान नहीं हटाने पर अड़े रहे, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम इलाके में निरीक्षण के दौरान राय मार्केट पहुंची और एक दुकान के बाहर रखा सामान देखकर एसएचओ ने उसे सड़क पर गिरा दिया। दुकानदारों ने पुलिस के इस व्यवहार की आलोचना की और कहा कि अगर कोई गलती हुई होती तो उन्हें समझाया जा सकता था।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इस कार्रवाई से उन्हें आर्थिक नुकसान भी हुआ है और दुकानदारों की सहूलियतों की अनदेखी की गई है।







