करनाल | हरियाणा के करनाल जिले में हुई 80 लाख की सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर हरियाणा रोडवेज की एक बस से पांचों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी आरोपी वारदात के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे थे।
सोमवार दोपहर करनाल के एक घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। तभी पांच हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए और करीब 45 मिनट तक परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर रखा। लुटेरों ने महिलाओं से गहने उतरवा लिए और शादी के लिए रखी नकदी व अन्य जेवरात भी लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने दूल्हे को गोली मार दी और भागते समय पांच राउंड फायर भी किए।
वारदात के बाद आरोपी एक कार में फरार हुए, लेकिन करनाल के पास कार छोड़कर चंडीगढ़ की दिशा में जाने के लिए हरियाणा रोडवेज बस में सवार हो गए। करनाल पुलिस ने सीसीटीवी, तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर तीन घंटे में उनका लोकेशन ट्रेस कर लिया। इसके बाद हरियाणा क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) की टीम ने डेराबस्सी–ज़िरकपुर इलाके में पाम रिसॉर्ट के पास बस रोककर लुटेरों को पकड़ लिया।
तलाशी में उनके पास से पिस्टल समेत कई सामान बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव उर्फ राजा, दीपक उर्फ हैरी, प्रिंस कुमार, अमृतपाल और अभिषेक के रूप में हुई है। सभी आरोपी लुधियाना के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ करनाल के सिविल लाइंस थाने में BNS की धारा 310(2), 311, 109, 333, 135 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।







