चंडीगढ़। हरियाणा में सर्दी ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में शीत लहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी-दादरी शामिल हैं। ये सभी जिले राजस्थान की सीमा से सटे हैं, जहां से चल रही उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं ने राज्य में ठिठुरन बढ़ा दी है।
पिछले 24 घंटों में हरियाणा के कई हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। गुरुग्राम, हिसार, करनाल, सोनीपत, महेंद्रगढ़, नारनौल और सिरसा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। सोमवार को गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो अब तक का सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। रविवार को महेंद्रगढ़ का तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। राज्य में सुबह और शाम के समय हल्की धुंध और कोहरा भी छाने लगा है, जिससे दृश्यता पर असर पड़ा है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम 13 नवंबर तक शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलती रहेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन के समय तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस और रात में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। कुछ इलाकों में हल्के बादल छाने और धुंध की स्थिति बनी रह सकती है।







