पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों बहनें पृथला गांव स्थित निजी कंपनी से वेतन लेने जा रही थीं, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, राजीव नगर निवासी दशरथ ने पुलिस को बताया कि उसकी बड़ी बेटी अहिल्या (41) पृथला गांव की एक निजी कंपनी में काम करती थी। रविवार को वह वेतन लेने गई थी और उसके साथ उसकी छोटी बहन ललिता (21) भी थी। दोनों बहनें ऑटो से पृथला पहुंचीं और राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने दोनों को जिला नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।







