Home Business/Education नूंह के 504 स्कूलों में डिजिटल स्क्रीनिंग, कोई बच्चा न छूटे

नूंह के 504 स्कूलों में डिजिटल स्क्रीनिंग, कोई बच्चा न छूटे

36
0

नूंह। हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी ‘निपुण हरियाणा’ योजना के तहत नूंह जिले के 504 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों की डिजिटल स्क्रीनिंग शुरू की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सीखने की प्रक्रिया में कोई भी बच्चा पीछे न छूटे।

स्क्रीनिंग प्रक्रिया ‘निपुण हरियाणा शिक्षक ऐप’ के माध्यम से की जाएगी, जिससे प्रत्येक छात्र की सीखने की क्षमता, व्यवहारिक विकास और विशेष आवश्यकताओं का मूल्यांकन किया जाएगा। शिक्षकों को ऐप के उपयोग और डेटा एंट्री के लिए चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

7 नवंबर को एबीआरसी और बीआरपी के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि 8 नवंबर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जिला एफएलएन समन्वयक कुसुम मलिक ने 10 विशेष शिक्षकों को समावेशी शिक्षा से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया। 10 नवंबर से जिलेभर के सभी प्राथमिक शिक्षक ऐप पर बच्चों की प्रगति रिपोर्ट दर्ज करने में प्रशिक्षित किए जा रहे हैं।

14 और 15 नवंबर को सभी खंड शिक्षा अधिकारी, सीआरसी प्रमुख, एबीआरसी, बीआरपी और जिला अधिकारी स्कूल स्तर पर अवलोकन प्रपत्र भरेंगे। इस दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान और सहायता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऐप उन छात्रों को चिन्हित करेगा जिन्हें अतिरिक्त शिक्षण या परामर्श की जरूरत है, ताकि उन्हें आवश्यक संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।

बाल दिवस पर विशेष गतिविधियाँ

बाल दिवस (14-15 नवंबर) के अवसर पर जिले के सभी स्कूलों में रचनात्मक और शिक्षण गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी — जिनमें समूह संवाद, कविता पाठ, मूकाभिनय, पोस्टर निर्माण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल होंगी। इनका उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, संचार कौशल और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।

जिला एफएलएन समन्वयक कुसुम मलिक ने कहा कि “निपुण हरियाणा योजना नई शिक्षा नीति के अनुरूप एक परिवर्तनकारी कदम है। डिजिटल मूल्यांकन और समावेशी शिक्षा के जरिए हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर बच्चा निपुण बने और कोई भी छात्र पीछे न रह जाए।”

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here