गुरुग्राम। सोहना-पलवल रोड स्थित एक खाद-बीज की दुकान पर मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वाड ने बड़ी कार्रवाई की है। कृषि विभाग की टीम के साथ संयुक्त रेड में दुकान पर खाद की काला बाजारी और एक्सपायरी डेट के कीटनाशक बेचने का मामला सामने आया। कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई थी।
निर्धारित दर से महंगी बेच रहा था खाद
खंड कृषि अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि गोयल खाद-बीज भंडार पर छापेमारी के दौरान 750 कट्टे डीएपी खाद बरामद की गई। दुकान मालिक प्रवीण कुमार (निवासी किरंज गांव) किसानों को प्रति कट्टा निर्धारित ₹1300 की जगह ₹1800 में खाद बेच रहा था। दुकान से लंबे समय से डीएपी की काला बाजारी की शिकायत मिल रही थी।
रंगे हाथों पकड़ा गया दुकानदार
शिकायत की पुष्टि के लिए टीम ने एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा। उसने खाद खरीदते समय ₹1800 वसूले जाने की पुष्टि की। इसके तुरंत बाद टीम ने छापा मारा और पहले से हस्ताक्षरित नोट दुकानदार के गल्ले से बरामद किए। एक्सपायरी कीटनाशक और बिना वैध लाइसेंस बिक्री
छापेमारी के दौरान टीम ने:
- एक्सपायरी डेट वाले कीटनाशक
- बिना नवीनीकृत लाइसेंस के दुकान संचालन
भी पकड़ा। दुकानदार का लाइसेंस भी काफी समय पहले ही समाप्त हो चुका था। हालांकि उसने दावा किया कि नवीनीकरण के लिए आवेदन कर दिया है, लेकिन सबूत पेश नहीं कर सका।
कार्रवाई जारी
सीएम फ्लाइंग टीम ने रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। साथ ही दुकानदार को अगले आदेश तक खाद-बीज की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की आगे जांच जारी है।







