
Kaithal, 26 October -:हरियाणा इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कैथल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध और गुंडागर्दी चरम पर है तथा अफसरशाही बेलगाम हो चुकी है। जनता आज भाजपा शासन में त्राहिमाम कर रही है।
माजरा ने कहा कि कैथल जिला भाजपा राज में भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है। पैचवर्क और सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों के घोटाले हुए हैं, लेकिन कार्रवाई शून्य रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद भ्रष्टाचार और पैसों के लेनदेन में डूबी हुई है।पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पर दिए गए बयान की आलोचना करते हुए माजरा ने कहा कि वे उस बयान से असहमत हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश डॉ. अंबेडकर को संविधान निर्माता के रूप में सम्मान देता है, और नेताओं को अपने शब्दों की मर्यादा समझनी चाहिए।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए माजरा ने कहा कि लंबे समय बाद कांग्रेस ने चार्जशीटेड व्यक्ति को प्रदेशाध्यक्ष बनाया है, जो अपने आप में कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सीएलयू घोटाला हरियाणा का सबसे बड़ा घोटाला है, जिसमें किसानों की जमीनें औने-पौने दामों में बेची गईं।माजरा ने कहा कि इनेलो हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है — चाहे वह धान घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, शराब घोटाला या पेपर लीक घोटाला हो। उन्होंने कहा कि इन मामलों में इनेलो की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।






