Home Haryana मिर्चपुर के पास दो बाइकों की भिड़ंत, तीन युवकों की मौके पर...

मिर्चपुर के पास दो बाइकों की भिड़ंत, तीन युवकों की मौके पर मौत

6
0

हांसी। नारनौंद-बरवाला-जींद रोड पर गांव मिर्चपुर के पास देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन परिवारों ने अपने सदस्यों को खो दिया। मृतकों की पहचान खेड़ी जालब निवासी कपिल, खेड़ी लोहचब निवासी मोहित और इटल कलां निवासी विजय कुमार उर्फ पोला के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार कपिल और मोहित बाइक पर जींद गए थे। देर रात दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे मिर्चपुर के पास बरवाला-जींद रोड पर पहुंचे, सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर इटल कलां निवासी विजय कुमार सवार था। बताया गया है कि विजय बरवाला अस्पताल में बिजली कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था और ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर लौट रहा था।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर मिर्चपुर पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।

मृतकों में कपिल की उम्र करीब 30 वर्ष, मोहित की करीब 33 वर्ष और विजय कुमार की करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। विजय शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। मोहित के भी दो बच्चे बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना के बाद तीनों के गांवों में शोक का माहौल है।

मिर्चपुर पुलिस चौकी प्रभारी खेता राम ने बताया कि हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here