पंचकूला | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लोकसभा में विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। विज ने कहा कि विपक्ष भारत की सफलता से खुश नहीं है और इसलिए लोकसभा में दुखड़ा रो रहा है।
पंचकूला के सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में आंख की जांच के लिए पहुंचे विज ने मीडिया से बातचीत में कहा, “ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में 20-20 का मैच चल रहा है – एक तरफ भारत है, दूसरी तरफ पाकिस्तान, और विपक्ष पाकिस्तानी पाले में नजर आ रहा है।”
सेना की बहादुरी पर गर्व, विपक्ष को हजम नहीं हो रही सफलता
विज ने कहा कि भारत की सेना ने आतंकवादी ठिकानों, एयरबेस और एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह किया। उन्होंने कहा कि सेना की सटीक कार्रवाई से पाकिस्तान की कमर टूट गई, लेकिन विपक्ष बार-बार सवाल उठाकर सैनिकों की शौर्यगाथा को कमतर करने की कोशिश कर रहा है।
मध्यस्थता पर भी किया पलटवार
विज ने कहा कि कांग्रेस बार-बार यह दावा कर रही है कि भारत-पाकिस्तान युद्धविराम अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ, जबकि सेना, प्रधानमंत्री और पाकिस्तान खुद कह चुके हैं कि कोई मध्यस्थता नहीं हुई।
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “सेना और प्रधानमंत्री पर भरोसा नहीं, पर पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री पर विश्वास है!”
दीपेंद्र हुड्डा पर कसा व्यंग्य
दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर कि ट्रंप ने 32 बार सीजफायर की बात की है, विज बोले कि कांग्रेस वालों के पास कोई काम नहीं, बस गिनती करते रहते हैं – “एक बार कहा, दो बार कहा, तीन बार कहा…”
बच्चों को गोद लेने पर बोले विज
विज ने पहलगाम हमले में अनाथ हुए बच्चों को कांग्रेस द्वारा गोद लेने की पहल को अच्छा कदम बताया, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जिसे गोद लिया, उसे बाद में कभी पूछा तक नहीं।







