रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर एक टिकट निरीक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उस पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि जब लोगों ने उसे घेरा तो वह हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। इस पूरी घटना को किसी ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो गया है।
घटना सोमवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर 7 की बताई जा रही है। आरोप है कि एक दंपति के पास टिकट न होने पर टिकट निरीक्षक ने बिना रसीद दिए पैसे वसूले। जब आसपास मौजूद यात्रियों को इस बात की भनक लगी तो उन्होंने टिकट निरीक्षक को घेर लिया और उस पर कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर मौजूद दंपति ने भी इस बात की पुष्टि की कि पैसे लिए गए लेकिन कोई रसीद नहीं दी गई।
वायरल वीडियो में यात्री टिकट निरीक्षक से कहते नजर आ रहे हैं, “आप लोग रोज लोगों को परेशान करते हो।” इस पर टिकट निरीक्षक सफाई देते हुए कहता है, “मैंने किसी को परेशान नहीं किया, फिर भी अगर किसी को कुछ गलत लगा हो तो मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।” बाद में दंपति से वसूली गई रकम टिकट निरीक्षक वापस कर देता है, लेकिन लोग उस पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।
रेलवे प्रशासन की चुप्पी
हालांकि यह घटना रेलवे जंक्शन पर हुई थी और वीडियो सार्वजनिक हो चुका है, लेकिन रेलवे प्रशासन इस मामले में चुप्पी साधे हुए है। अधिकारियों ने इतना जरूर कहा है कि घटना सोमवार सुबह की है, लेकिन उनके पास कोई आधिकारिक शिकायत नहीं पहुंची है।
यात्रियों का आरोप है कि ऐसे मामले अक्सर होते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं होता। वायरल वीडियो ने एक बार फिर रेलवे स्टेशन पर प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है।







