गुरुग्राम | हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम से जल्द ही श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। यहां एक आधुनिक हेलिपोर्ट बनाया जाएगा, जिसके बाद गुरुग्राम से सालासर बालाजी और खाटू श्याम धाम तक हेलिटैक्सी सेवा शुरू होगी।
हरियाणा सरकार ने इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, हेलिपोर्ट के लिए 23 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है, जो हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) की है। यह जमीन नागरिक उड्डयन विभाग को ट्रांसफर करने की प्रक्रिया में है।
नागरिक उड्डयन विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी. कुमार ने बताया कि जमीन हस्तांतरण का काम अंतिम चरण में है। इसके अलावा गुरुग्राम से चंडीगढ़ और हिसार के लिए भी हेलिटैक्सी सेवा प्रस्तावित है।
राजस्थान सरकार से भी बनी सहमति
राजस्थान के धार्मिक स्थलों तक इस सेवा को शुरू करने के लिए हरियाणा सरकार की राजस्थान सरकार से बातचीत हो चुकी है। नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल और राजस्थान के उड्डयन मंत्री गौतम कुमार की बैठक में इस योजना को हरी झंडी मिल गई है।
6 घंटे का सफर अब सिर्फ डेढ़ घंटे में
अभी सड़क मार्ग से गुरुग्राम से सालासर या खाटू श्याम पहुंचने में करीब 6–7 घंटे लगते हैं और ट्रैफिक जाम होने पर समय और बढ़ जाता है। वहीं, हेलिकॉप्टर टैक्सी सेवा शुरू होने के बाद यह सफर मात्र सवा से डेढ़ घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
इस सुविधा से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को समय की बचत होगी। साथ ही NCR के जिलों को भी लाभ मिलेगा और दोनों राज्यों की पर्यटन व अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।







