फरीदाबाद (एकता): कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है, जहां गलत साइड से आ रहे ट्रक ने कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे दोनों छात्रों की मौत हो गई।
मीडिया सूत्रों के अनुसार हादसे के समय छात्र हवेली से खाना खाकर कार से लौट रहे थे। अचानक पिपली की ओर से आए एक ट्रक चालक ने ट्रक को गलत दिशा, लापरवाही व तेज रफ्तार से चलाते हुए कार को टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
राहगीरों ने कार में फंसे छात्रों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने आदित्य जोशी व निशांत सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।







