हांसी | शहर में गुरुवार शाम करीब छह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिसाय पुल के पास तेज रफ्तार क्रेन ने पैदल घर लौट रहे दंपती को कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार हनुमान कॉलोनी निवासी शिवम (27) अपनी पत्नी अंजू (24) के साथ घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों सिसाय पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। क्रेन के टायर अंजू के सिर पर चढ़ गए, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शिवम को पहले हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया और हालत नाजुक होने पर हिसार रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां का माहौल गमगीन हो गया। मृतका के ससुर रामकुमार ने बताया कि उन्हें फोन पर इस घटना की जानकारी मिली। हादसे के बाद रोते-बिलखते परिवार का बुरा हाल है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन चालक को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शिवम और अंजू की शादी को अभी सिर्फ नौ महीने ही हुए थे। दंपती की कोई संतान नहीं थी।







