Home Haryana कुलदीप बिश्नोई मामले में भाजपा का यू-टर्न, बातचीत से सुलझेगा विवाद

कुलदीप बिश्नोई मामले में भाजपा का यू-टर्न, बातचीत से सुलझेगा विवाद

12
0

चंडीगढ़ | हरियाणा भाजपा में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजन लाल के सम्मान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थमता नजर आ रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने स्पष्ट किया है कि भाजपा वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई को फिलहाल कोई कारण बताओ नोटिस जारी नहीं करेगी।

बड़ौली ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई इस समय विदेश में हैं और उनके भारत लौटने के बाद उनसे आमने-सामने बातचीत कर पूरे मामले को सुलझाया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आपसी संवाद के जरिए सभी गलतफहमियां दूर कर ली जाएंगी।

दरअसल, विवाद उस समय शुरू हुआ जब राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने एक रैली के दौरान चौधरी भजन लाल के चुनावी तरीकों पर टिप्पणी की थी। इस पर नाराजगी जताते हुए कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर कड़ा विरोध दर्ज कराया और रेखा शर्मा से सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि उनके परिवार के सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं होगा।

सूत्रों के मुताबिक, मामले को बढ़ता देख पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित करने की कोशिश की। पार्टी भी आगामी चुनावों को देखते हुए इस विवाद को जल्द शांत करने के पक्ष में नजर आ रही है, ताकि किसी भी वर्ग की नाराजगी से बचा जा सके।

पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि अनुशासनहीनता के आरोप में कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी किया जा सकता है, लेकिन अब प्रदेश नेतृत्व ने नरम रुख अपनाया है। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि बिश्नोई पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनके लौटने पर बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकाल लिया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here