गुरुग्राम | गुरुग्रामवासियों के लिए राहत की खबर है। लंबे इंतजार के बाद गुरुग्राम मेट्रो का काम अगले महीने यानी सितंबर से शुरू होने की पूरी उम्मीद है। पहले चरण में 15.2 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 14 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट पर करीब 1277 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के पहले चरण के लिए टेंडर आवंटित कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-9 तक सभी 14 स्टेशनों का निर्माण होगा। इसके साथ ही दूसरे चरण के लिए भू-तकनीकी सर्वे भी शुरू कर दिया गया है।
यातायात पर नहीं पड़ेगा असर
जानकारी के अनुसार, दूसरे चरण का सर्वे सेक्टर-9, 9ए, सेक्टर-4 और सेक्टर-7 की मुख्य सड़कों पर जारी है। वहीं, GMRL के प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेट्रो का निर्माण कार्य शुरू होते ही ट्रैफिक मैनेजमेंट की विशेष योजना तैयार की जाए, ताकि वाहन चालकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
27 स्टेशन और 29.5 किलोमीटर का कॉरिडोर
पूरा प्रोजेक्ट पूरा होने पर ओल्ड गुरुग्राम में कुल 27 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 29.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार होगा, जिससे गुरुग्रामवासियों की यात्रा और सुगम हो जाएगी।







