हरियाणा | हरियाणा के बढ़खालसा गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा के 22 वर्षीय भतीजे की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक प्रीत, वीरेंद्र के बड़े भाई जयदेव दहिया का इकलौता बेटा था।
हादसा सोमवार दोपहर उस वक्त हुआ जब प्रीत बाइक से पार्कर रोड की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक कुछ सामने आ जाने से उसने बाइक पर संतुलन खो दिया और पेड़ से टकरा गया।
हेलमेट नहीं पहना था, सिर में लगी गंभीर चोट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय प्रीत ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई। राहगीरों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम, सुबह होगा अंतिम संस्कार
इकलौते बेटे की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया है। मंगलवार सुबह साढ़े 9 बजे गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।







