पानीपत | पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मजदूर दोस्तों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों बाइक से गांव ढीढार की ओर जा रहे थे। रास्ते में बाइक बेकाबू होकर गिर गई और दोनों के सिर फुटपाथ से टकरा गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
दोनों मजदूर एक बीमार रिश्तेदार का हालचाल जानने गांव जा रहे थे, लेकिन गांव पहुंचने से पहले ही मौत ने रास्ते में उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों ने उन्हें सड़क किनारे पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को शवगृह में रखवाया गया।
एक यूपी का, दूसरा राजस्थान का रहने वाला
मृतकों की पहचान शामली के खेड़ी करमू गांव निवासी साजिद (23) और राजस्थान निवासी पन्नू झा के रूप में हुई है। दोनों पेशे से राजमिस्त्री थे और पानीपत में फरीद नामक ठेकेदार के साथ काम कर रहे थे। साजिद का 6 महीने पहले ही निकाह हुआ था, जबकि पन्नू झा 4 बेटियों का पिता और परिवार का इकलौता कमाने वाला था।
पुलिस ने हादसे का कारण बताया बाइक का अनियंत्रित होना
समालखा थाना जांच अधिकारी नरेश ने बताया कि हादसा बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने से हुआ। तेज रफ्तार के कारण बाइक फिसल गई और दोनों का सिर फुटपाथ से टकरा गया। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।







