रेवाड़ी | उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में रेवाड़ी (हरियाणा) के कांवड़ियों से भरा एक कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे 25 युवक घायल हो गए। हादसे में तीन कांवड़ियों—नितिन, अनूप और मनीष—की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसा उत्तरकाशी के कमान क्षेत्र में उस वक्त हुआ जब कैंटर ढलान पर तेज रफ्तार में था और मोड़ पर ब्रेक फेल हो गया। वाहन सीधा पलट गया। कांवड़ियों का आरोप है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ। चालक की पहचान रेवाड़ी के टपूकड़ा गांव निवासी के रूप में हुई है।
घायल युवकों में मनीष कार मैकेनिक है, अनूप खेती करता है और नितिन छात्र है। सभी युवक पहली बार गंगोत्री से कांवड़ ला रहे थे, जबकि इससे पहले वे हरिद्वार से डाक कांवड़ लाते थे।
श्रवण कुमार नामक एक कांवड़िए ने बताया कि वे 16 जुलाई को रेवाड़ी से रवाना हुए थे और 19 जुलाई को गंगोत्री से कांवड़ उठाई थी। अब तक वे 250 किलोमीटर की यात्रा कर चुके थे और शिवरात्रि तक रेवाड़ी पहुंचने का लक्ष्य था। दुर्घटना के बाद उनकी लगभग 700 किलोमीटर की यात्रा अधूरी रह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं।







