फतेहाबाद | शहर के जवाहर चौक इलाके में शनिवार सुबह गली में कबाड़ की गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक परिवार ने पड़ोसी महिला और उसके बेटे पर पहले थप्पड़-मुक्कों से हमला किया और फिर उन पर ईंटें फेंककर घायल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों ही पक्ष कबाड़ का काम करते हैं और अक्सर गली में गाड़ी खड़ी करने को लेकर झगड़े होते रहते हैं। पीड़ित सुमित कुमार ने बताया कि गली संकरी है, ऐसे में एक गाड़ी खड़ी होने से आने-जाने में दिक्कत होती है। इसी बात को लेकर पड़ोसी परिवार ने हमला किया।
घायल मां-बेटे को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शोर सुनकर मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए और विवाद बढ़ता गया। दोनों परिवार झगड़ते हुए मेन रोड तक पहुंच गए। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। फिलहाल सिटी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।







