चंडीगढ़ | हरियाणा की सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने राज्य में मानसून से पहले जलभराव और पेयजल आपूर्ति की स्थिति को लेकर सिंचाई विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान बताया गया कि राज्य में कुल 873 ड्रेन मौजूद हैं, जिनमें से 676 की सफाई की जानी है। अब तक 470 ड्रेन की सफाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष कार्य 20 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री श्रुति चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्रेन की सफाई का कार्य तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा हो, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा।
पेयजल आपूर्ति पर रखें कड़ी निगरानी
बैठक में मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि मानसून के समय किसी भी इलाके में जल संकट की स्थिति न बने। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
श्रुति चौधरी ने कहा कि जिन स्थानों पर ड्रेनों की सफाई का काम चल रहा है, वहां सीनियर इंजीनियर (SE) स्तर के अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और रिपोर्ट दें। मंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी संबंधित विभाग समन्वय से काम करें ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।







