दादरी (हरियाणा) | चरखी दादरी जिले के रुदड़ोल गांव में एक 28 वर्षीय महिला लक्ष्मी ने कथित तौर पर घरेलू कलह और धमकियों से तंग आकर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में झोझूकलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे दादरी रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
ससुराल पक्ष और बहन पर गंभीर आरोप
मृतका के पिता ताजवीर ने बताया कि लक्ष्मी की दो बहनों में से पूजा की शादी हो चुकी थी, जबकि सबसे छोटी बहन किस्तु अभी अविवाहित थी। करीब 15 दिन पहले किस्तु ने लक्ष्मी के पति कुलदीप के साथ घर से भागकर शादी कर ली थी। यह जानकारी मिलने के बाद लक्ष्मी मानसिक रूप से टूट चुकी थी।
ताजवीर ने आरोप लगाया कि लक्ष्मी को मंगलवार को बहल थाना में एक मामले में पेश होना था, लेकिन कुलदीप और किस्तु ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं, सास बबीता और ससुर अजीत पर भी मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है।
चार लोगों के खिलाफ एफआईआर, जांच जारी
झोझूकलां थाना पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई। पिता ताजवीर के बयान पर लक्ष्मी के पति कुलदीप, बहन किस्तु, सास बबीता और ससुर अजीत के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।







