रोहतक | राजस्थान के दौसा जिले में जयपुर-आगरा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोहतक के एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां, बेटा, बेटी और एक अन्य महिला शामिल हैं। यह हादसा शुक्रवार देर रात करीब 12:15 बजे कलेक्ट्रेट चौराहे के पास RTO ऑफिस के सामने हुआ, जब इनकी कार खड़े कैंटर में पीछे से जा भिड़ी।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि RTO टीम ने चेकिंग के दौरान हाईवे किनारे कैंटर को रोका था, जिससे यह हादसा हुआ।
हादसे में जिन लोगों की जान गई, वे सभी रोहतक के खेड़ी साध गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान प्रमिला देवी (40), उसकी बेटी साक्षी (16), बेटा दीपांशु (20) और पारो देवी (60) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया। कोतवाली थाने के हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







