सिरसा | सिरसा जिले के गांव खैरेकां में स्थित लिबान फर्टिलाइजर फैक्ट्री पर सीएम फ्लाइंग टीम की छापेमारी के बाद बड़ा खुलासा सामने आया है। फैक्ट्री से भारी मात्रा में एक्सपायरी और बिना मार्किंग वाले खाद बरामद किए गए हैं। अब कृषि विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त शिकायत पर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सबूत मिलने पर आगे की कार्रवाई तय मानी जा रही है।
4000 क्विंटल एक्सपायरी खाद बरामद
सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में की गई छापेमारी में टीम को फैक्ट्री से 4000 क्विंटल एक्सपायरी खाद मिला, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। इसके अलावा सात सैंपल लिए गए हैं और बड़ी मात्रा में बिना लेबल या मार्किंग वाले पैकेट भी जब्त किए गए हैं। फैक्ट्री से ‘माइक्रो राज’ नामक उत्पाद की 25-30 बाल्टियां भी मिली हैं, जिनकी एक्सपायरी डेट 2021 और 2024 दर्ज की गई है।
लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू
कृषि विभाग के उप निदेशक सुखदेव सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में बायो और केमिकल दोनों प्रकार के खाद बनाए जा रहे थे। विभाग ने निदेशालय को पत्र भेजकर लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में सैंपल भेजे जा चुके हैं और रिपोर्ट के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पहले भी सामने आ चुकी हैं शिकायतें
कृषि विभाग के अनुसार, इससे पहले भी इस फैक्ट्री से लिए गए खाद के एक सैंपल में मिस ब्रांडिंग पाई गई थी, जिसकी री-टेस्टिंग फिलहाल चल रही है। अब ताजा कार्रवाई के बाद पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
पुलिस जांच में जुटी, हो सकती है और गिरफ्तारियां
पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। छापेमारी के दौरान मिली अनियमितताओं के आधार पर केस को तकनीकी और कानूनी रूप से मजबूत किया जा रहा है। यदि जांच में और लोगों की भूमिका सामने आती है, तो कार्रवाई की जाएगी।







