अंबाला | अंबाला कैंट में नगर परिषद के कर्मचारी यश की आत्महत्या मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों ने रविवार को कैंट के पड़ाव थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा रही, जबकि वे लगातार इस मामले में न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
क्या है मामला?
17 जून को नगर परिषद कर्मचारी यश ने आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि यश के पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ उसके संबंध थे, जिसकी जानकारी सार्वजनिक होने के बाद यश को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों का दावा है कि महिला, उसका पति और एक अन्य युवक मिलकर यश पर अनैतिक दबाव बना रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, महिला ने यश से एक युवक साहिल की हत्या करवाने का दबाव बनाया था, लेकिन जब यश ने ऐसा करने से इनकार किया तो उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने नहीं दिए ठोस जवाब
परिजनों का कहना है कि वे लगातार पुलिस के पास इस मामले की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। रविवार को भी परिजन पड़ाव थाना पहुंचे और इंसाफ की मांग की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अभी तक कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिले हैं, इसलिए कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकती। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जांच जारी रहने का आश्वासन देते हुए थाने से रवाना कर दिया।







