यमुनानगर | सांप से दवा तैयार करने के नाम पर एक करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने झांसा देकर उधमगढ़ भीड़ माजरा निवासी प्रताप सिंह से मोटी रकम ऐंठ ली। पंचायत के बावजूद जब रकम वापस नहीं मिली तो पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
साढ़ौरा थाना पुलिस ने झंडा गांव के सरपंच पवन, मनभरवाला निवासी बिजेंद्र सिंह, यमुनानगर सेक्टर-17 निवासी सोनी पाल सैनी, सहारनपुर (उ.प्र.) के कलसिया बेहट निवासी सोनू, एक डॉ. गुप्ता और एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
शिकायतकर्ता प्रताप सिंह के अनुसार, फरवरी 2024 में आरोपी पवन, बिजेंद्र और सोनीपाल उनके घर पहुंचे और सांप से बनी दवा की मोटी कमाई का लालच दिया। तीनों ने बताया कि यह सांप सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में मिलेगा।
प्रताप सिंह उनके साथ बेहट गए, जहां सोनू नामक युवक ने उन्हें बैग में एक सांप दिखाया। इसके बाद सोनीपाल ने कथित डॉक्टर गुप्ता से फोन पर बात कराई, जिसने सांप की कीमत 10 करोड़ रुपये बताई। सौदा 9.70 करोड़ में तय हुआ और 25 लाख रुपये लाभ देने का झांसा देकर प्रताप सिंह से एक करोड़ रुपये ले लिए गए।
वापसी में आरोपियों ने यह कहकर बच निकलने की कोशिश की कि सांप की मौत हो गई है। जब बार-बार मांगने पर भी रकम नहीं लौटी तो प्रताप सिंह ने पुलिस को शिकायत दी।
जांच में जुटी पुलिस
साढ़ौरा थाना प्रभारी रोहताश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।







