अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोग ज्यादा पैसे कमाने की लालच में अब्रॉड जाने के लिए इच्छुक रहते हैं। इसी का फायदा उठाने के लिए कुछ फ्रॉड एजेंट्स अब्रॉड भेजने के नाम पर लाखों ठग लेते हैं। इसी तरीके का मामला अंबाला से भी सामने आया है।10 जुलाई को गुरविंदर को एक एजेंट के द्वारा इटली भेजा गया। जिसके बाद गुरविंदर की मौत रोमानिया के एक जंगल में हो गई।
बताया जा रहा है एजेंट द्वारा उन्हें गुमराह किया जा रहा था कि गुरविंदर जेल में है। उसके परिजनों को इस बात का पता 29 सितंबर को चला कि उसकी मृत्यु हो चुकी है। एजेंट द्वारा गुरविंदर के घर वालों से इटली भेजने के नाम पर 15 लाख रुपए लिए गए थे। लेकिन उसके बावजूद भी सच्चाई नहीं बताई जा रही थी। गुरविंदर के भाई ने पुलिस वालों पर आरोप लगाए कि अभी तक दोषियों को पकड़ा नहीं गया है। जिसके बाद परिजनों ने 4 अक्टूबर को शाहबाद में एफआईआर दर्ज करवाई।
इसके बाद भी पुलिस किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसकी वजह से आज मजबूरन हमें एडीजीपी के पास आना पड़ा है। लेकिन आज रविवार होने के चलते एडीजीपी से मुलाकात नहीं हो सकी। गार्ड द्वारा एडीजीपी से मिलने के लिए कल सुबह 10 बजे का समय दिया गया है। इस मामले में बोलते हुए गुरविंदर के परिजनों ने बताया कि एजेंट द्वारा उसको 10 जुलाई को इटली भेजा गया था। जिसको रोमानिया के एक जंगल मे मरवा दिया गया और इसकी जानकारी हमें नही होने दी। इसके साथ ही एजेंट द्वारा गुमराह किया जाने लगा। जैसे ही गुरविंदर के परिजनों को पता चला कि उसकी मृत्यु हो गई है तो उन्होंने FIR दर्ज करवाई, कुछ लोग पकड़ें भी गए लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया। जिसके बाद परिजन गृह मंत्री अनिल विज से मिले जिन्होंने रोमानिया से गुरविंदर की डेडबॉडी मंगवाने में मदद की है। लेकिन अभी तक ऐजेंटों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। जिसके लिए एडीजीपी से मिलने पहुंचे है कि जल्द से जल्द कार्रवाई हो।







