फरीदाबाद | हरियाणा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास का सपना देख रहे हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सैनी सरकार ने योजना के अंतर्गत 30,000 फ्लैट बनाने का फैसला लिया है। हालांकि, फिलहाल नगर निगम को इन फ्लैटों के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि नहीं मिल पाई है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि निगम के पास जो जमीन उपलब्ध है, वह इतने बड़े स्तर पर निर्माण के लिए पर्याप्त नहीं है। ऐसे में अब प्रशासन वैकल्पिक स्थानों की तलाश कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, फरीदाबाद जिले में 50,000 लोगों ने इस योजना के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 30,000 आवेदन पात्र पाए गए हैं। इन्हीं पात्र आवेदकों को आगामी समय में फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। खास बात यह है कि इनमें से 240 लाभार्थी ऐसे हैं जो अपनी जमीन पर ही मकान बनवाना चाहते हैं, जिसके लिए अलग से प्रक्रिया चल रही है।
नगर निगम का कहना है कि जैसे ही जमीन चिन्हित होती है, योजना का क्रियान्वयन तेज कर दिया जाएगा, ताकि लाभार्थियों को जल्द से जल्द अपने सपनों का घर मिल सके।







