पानीपत | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज शनिवार शाम पानीपत दौरे पर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस की संगठनात्मक तैयारियों पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष जरूरी है और अगर कांग्रेस संगठन बना रही है तो यह अच्छी बात है।
“मेरी पहचान ही काफी है, सिस्टम ठीक करने के लिए” – अनिल विज
बिजली संकट और सरकार द्वारा एसी टेंपरेचर नियंत्रित करने के फैसले पर विज ने कहा कि फिलहाल केवल निर्णय लिया गया है, जल्द ही इसे लागू करने की योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बिजली की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, “पीक सीजन में राज्य को 16,000 मेगावाट बिजली की जरूरत होती है, और हमारे पास इतनी क्षमता उपलब्ध है।”
ऊर्जा मंत्री ने यह भी बताया कि यमुनानगर में एक नया पावर प्लांट लगाया गया है और आगे हिसार व पानीपत में दो और पावर प्लांट स्थापित करने की योजना है।
बिजली कटौती पर अब रोजाना रिपोर्ट तलब
अनिल विज ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि राज्य में कहां-कहां और कितनी बिजली कट रही है, इसकी रोजाना रिपोर्ट उन्हें दी जाए। उन्होंने कहा, “मैंने अपने एसीएस को साफ निर्देश दिए हैं कि सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर को लिखें कि हर क्षेत्र की बिजली कटौती की जानकारी हर रोज मेरी टेबल पर होनी चाहिए। अगर कोई जायज वजह है, तो ठीक, वरना कार्रवाई होगी।” उन्होंने कहा, “मैं गलत काम करने वालों को नहीं छोड़ता, मेरी छवि खुद ही बहुत कुछ ठीक कर देती है।”







