करनाल। मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। NEET UG 2025 का परिणाम आज घोषित कर दिया गया है। इस बार हरियाणा के करनाल से अर्श गांधी ने ऑल इंडिया में 11वीं रैंक हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।
अर्श गांधी को कुल 720 में से 674 अंक प्राप्त हुए हैं। अर्श करनाल के एक प्राइवेट कोचिंग संस्थान में तैयारी कर रहा था। उनके माता-पिता, डॉ. मीनू गांधी और डॉ. अरुण गांधी, करनाल में एक निजी अस्पताल संचालित करते हैं।
गौरतलब है कि NEET UG परीक्षा 4 मई को दोपहर 2 से 5 बजे तक देशभर के 5,000 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। सफल अभ्यर्थियों को अब MBBS, BDS और अन्य मेडिकल अंडरग्रेजुएट कोर्सेस में दाखिला मिलेगा।
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से अब NEET UG 2025 की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके जरिए अभ्यर्थियों को उनके स्कोर के आधार पर कॉलेज अलॉट किए जाएंगे।







