फरीदाबाद | पल्ला थाना क्षेत्र में एक महिला एएसआई की बेटी द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। मृतका सुरुचि सेक्टर-30 की पुलिस लाइन में परिवार के साथ रहती थी और डीएवी स्कूल में 10वीं की छात्रा थी।
घटना शनिवार की है, जब सुरुचि ने अपने घर में पंखे से लटककर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि परीक्षा में अपेक्षाकृत कम अंक आने पर स्कूल प्राचार्या ने उसे डांटा और मानसिक दबाव डाला। इस घटना से आहत मृतका की मां ने कहा कि यदि स्कूल का रवैया संवेदनशील होता, तो उनकी बेटी को जान नहीं देनी पड़ती।
जांच की जिम्मेदारी एसीपी को सौंपी गई
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के मुताबिक, स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच एसीपी राजेश लोहान को सौंपी गई है, जो सभी पहलुओं पर विस्तृत जांच कर रहे हैं।







