करनाल। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को पंजाब उपचुनाव के प्रचार के सिलसिले में जाते समय करनाल में रुकीं। नमस्ते चौक स्थित एक निजी होटल में उनके ठहरने के दौरान भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से उनकी औपचारिक बातचीत भी हुई।
रेखा गुप्ता ने करनाल शहर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह शहर बेहद साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित है। उन्होंने कहा, “करनाल की व्यवस्था और सफाई बेहतरीन है। पहले मनोहर लाल यहां से विधायक रहे हैं और अब जगमोहन आनंद इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। शहर, राज्य और संगठन तीनों एक साथ आगे बढ़ रहे हैं, और यही प्रगति की कुंजी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा और दिल्ली के आपसी रिश्ते हमेशा से मजबूत रहे हैं और इसी सहयोग से दोनों राज्यों का विकास संभव हुआ है। रेखा गुप्ता के अनुसार, “हरियाणा का सहयोग दिल्ली को लगातार मिलता रहा है और आगे भी रहेगा। विकास की इस साझेदारी में हरियाणा की भूमिका अहम है।”
पंजाब पर बोलीं– कुछ ‘ग्रहण जैसी शक्तियां’ राज्य की प्रगति रोक रहीं
जब उनसे पंजाब को लेकर सवाल पूछा गया—जहां से कभी पानी नहीं आता, कभी बहुत ज्यादा आता है या पराली जलाने का संकट होता है—तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पंजाब में कुछ ऐसी शक्तियां सक्रिय हैं जो राज्य की तरक्की में बाधा बन गई हैं।
उन्होंने कहा, “पंजाब पर कुछ ऐसी नकारात्मक शक्तियां ग्रहण की तरह बैठी हैं, जिनके कारण न तो राज्य खुद तरक्की कर पा रहा है और न ही पड़ोसी राज्यों से उसका समन्वय बन पा रहा है। पंजाब को इस पर आत्ममंथन करना चाहिए।”
रेखा गुप्ता ने यह भी संकेत दिए कि इन समस्याओं के समाधान के बिना उत्तर भारत के समग्र विकास की कल्पना अधूरी है।







