Home Crime करनाल से जुड़े भानू राणा को लेकर सनसनी, सोशल मीडिया पोस्ट में...

करनाल से जुड़े भानू राणा को लेकर सनसनी, सोशल मीडिया पोस्ट में हत्या का दावा

8
0

करनाल। करनाल जिले में विस्फोटक सामग्री बरामदगी मामले से जुड़े रहे कुख्यात बदमाश भानू राणा को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें उसकी अमेरिका के कैलिफोर्निया में हत्या होने का दावा किया गया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, भानू राणा का नाम पहले एक गिरोह से जुड़े मामलों में सामने आया था। करनाल एसटीएफ ने जून 2025 में उसके गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि इन आरोपियों ने जालंधर में भी ग्रेनेड सप्लाई किए थे और उन्हीं ग्रेनेड से ब्लास्ट की घटनाएं भी की गई थीं।

बताया जाता है कि भानू राणा करनाल के सांभली गांव का रहने वाला है। नवंबर 2025 में यह जानकारी सामने आई थी कि उसे अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है और उसे भारत लाने की प्रक्रिया की बात भी चर्चा में थी, लेकिन उसे भारत नहीं लाया जा सका।

सूत्रों के अनुसार, भानू राणा पहले एक बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ था, लेकिन लगभग एक वर्ष पहले उसके संबंधों में दरार आ गई थी। इसके बाद वह कथित तौर पर गिरोह के विरोधी गुटों के संपर्क में आ गया था और तभी से उसके खिलाफ रंजिश की स्थिति बनी हुई थी।

गांव के प्रतिनिधियों के अनुसार, भानू राणा की मौत को लेकर परिवार या गांव में किसी प्रकार की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उसकी मां भी अक्सर गांव में नहीं रहती और रिश्तेदारी में रहती है।

बताया जा रहा है कि भानू राणा वर्ष 2023 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भाग गया था। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे के बाद मामला चर्चा में है, लेकिन प्रशासन या पुलिस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here