Home Haryana अंबाला में ‘स्वच्छता ही स्वागत’ अभियान की शुरुआत, भाजपा नेताओं ने किया...

अंबाला में ‘स्वच्छता ही स्वागत’ अभियान की शुरुआत, भाजपा नेताओं ने किया श्रमदान  

1
0

 अंकुर कपूर , अंबाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को हरियाणा दौरे से पहले पूरे प्रदेश में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पंचकूला से राज्यव्यापी “स्वच्छता ही स्वागत” अभियान का शुभारंभ किए जाने के बाद  अंबाला शहर में भी इस अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

अंबाला में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा, मेयर अक्षिता सैनी तथा भाजपा पार्षदों ने स्वयं श्रमदान करते हुए झाड़ू लगाई और सड़कों व सार्वजनिक स्थानों से कूड़ा उठाया। इस दौरान स्थानीय नागरिक भी अभियान से जुड़े और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार पूरे हरियाणा में “स्वच्छता ही स्वागत” अभियान लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरों में मेयर और पार्षदों के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंचों और जिला परिषद सदस्यों के सहयोग से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबाला-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग का उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी अंबाला के नागरिक वर्चुअल माध्यम से भी बनेंगे। भाजपा का उद्देश्य प्रधानमंत्री के आगमन से पहले प्रदेशभर में स्वच्छता का वातावरण तैयार करना और नागरिकों की सहभागिता बढ़ाना है।

अभियान के दौरान मेयर अक्षिता सैनी ने भी स्वयं सफाई करते हुए लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित अंबाला बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। वार्ड-11 की पार्षद कविता आशु सैनी ने भी क्षेत्रवासियों से नियमित सफाई बनाए रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल प्रधानमंत्री के स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करने का प्रयास है। आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न वार्डों और गांवों में भी इस अभियान के तहत व्यापक स्तर पर सफाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here