कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद कस्बे में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में शराब ठेकेदार शांतनु की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह चंडीगढ़ जाने के दौरान मीना मार्केट में रुके थे, जहां दो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ 8 गोलियां चलाईं। इसमें 7 गोलियां उन्हें लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक झज्जर जिले के मातन गांव का रहने वाला था और शाहबाद में शराब के 18 ठेकों का संचालन कर रहा था, जिनकी कीमत करीब 19 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
वारदात के बाद अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलीबारी होते ही लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे पिस्तौल दिखाकर एक राहगीर की बाइक छीनकर फरार हो गए। उनकी बाइक घटनास्थल पर ही मिली है।
सोशल मीडिया पर अपराध की जिम्मेदारी
घटना के कुछ ही देर बाद ‘नोनी राणा’ नामक एक व्यक्ति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा कि “शांतनु हमारे खिलाफ चल रहा था, उसका यही अंजाम हुआ है और आगे भी ऐसा ही होगा।” इस पोस्ट में काला राणा, लॉरेंस, गोगी और अन्य गैंगों के नाम भी टैग किए गए हैं।
शिकायत में ड्राइवर का बयान
ठेकेदार के ड्राइवर प्रिंस ने पुलिस को बताया कि वह शांतनु और उनके साथी अनिकेत के साथ टाटा हैरियर गाड़ी में जा रहे थे। मीना माजरा कट पर सिगरेट के लिए गाड़ी रोकने के दौरान यह हमला हुआ। ड्राइवर ने हमलावरों की बाइक को टक्कर मारने की भी कोशिश की।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी नितीश अग्रवाल, डीएसपी राजकुमार, सीआईए और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से हमलावरों की छोड़ी गई बाइक को कब्जे में लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच की जा रही है।







