हिसार | हरियाणा सरकार ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। इसी कड़ी में हिसार जिले के तोशाम रोड स्थित एक ईंट-भट्ठे से 39 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी लोग बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे और ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का काम कर रहे थे।
गिरफ्तार किए गए लोगों में 14 पुरुष, 11 महिलाएं और 14 बच्चे शामिल हैं। बच्चों में से कई की उम्र बेहद कम है। पुलिस पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे बॉर्डर पार कर अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। हालांकि, उन्हें बॉर्डर पार करवाने वाला कौन था और वे हिसार तक कैसे पहुंचे, इसकी जांच अब सुरक्षा एजेंसियों के हवाले है।
कागजी कार्रवाई के बाद डिपोर्ट की तैयारी
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल, इन नागरिकों की कानूनी जांच और दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सभी के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें वापस उनके देश भेजने (डिपोर्ट करने) की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
दिल्ली से संपर्क, जांच अभियान जारी
पुलिस का कहना है कि चूंकि आसपास कोई डिटेंशन कैंप मौजूद नहीं है, इसलिए इन बांग्लादेशियों को दिल्ली स्थित शरणार्थी कैंप में शिफ्ट करने को लेकर अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही, राज्यभर में ईंट-भट्टों और फैक्ट्रियों में अवैध रूप से काम कर रहे लोगों की पहचान के लिए व्यापक अभियान जारी है।







