चंडीगढ़ | केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को जम्मू-कश्मीर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर अमृत 2.0, स्मार्ट सिटी, स्मार्ट मीटरिंग और नए ऊर्जा प्रोजेक्ट्स समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। खट्टर ने कहा कि दोनों विभागों के कार्यों को लेकर केंद्र और राज्य के बीच समन्वय बेहतर है और जहां भी जरूरत है, केंद्र सरकार आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर ने कई मामलों में अन्य राज्यों को पीछे छोड़ दिया है, विशेष रूप से स्मार्ट मीटर और प्रीपेड मीटरिंग के क्षेत्र में। “यह गर्व की बात है कि जम्मू-कश्मीर ने ऊर्जा क्षेत्र में शानदार प्रगति की है। स्मार्ट मीटरिंग, लाइन लॉस में कमी और ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है,” खट्टर ने कहा।
हाइड्रो प्रोजेक्ट्स को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री खट्टर ने कहा कि राज्य में सिंधु, झेलम और चिनाब नदियों पर जलविद्युत परियोजनाओं की अपार संभावनाएं हैं। सिंधु जल संधि के तहत मौजूदा परियोजनाओं की क्षमता बढ़ाने और नई परियोजनाओं को शुरू करने की दिशा में केंद्र सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ट्रांसमिशन लाइनों में 45% की बढ़ोतरी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इसके लिए राज्य सरकार विशेष बधाई की पात्र है।
शहरी विकास में भी शानदार काम
शहरी विकास के क्षेत्र में खट्टर ने जम्मू और श्रीनगर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स की प्रगति की सराहना की। उन्होंने बताया कि अधिकांश योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और बाकी को दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार राज्य में अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विमान हादसे पर जताया दुख
गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए खट्टर ने कहा, “यह अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाली घटना है। देश इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
श्रीनगर पहुंचने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने इस आत्मीय स्वागत के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से सभी का आभार भी व्यक्त किया।







