Home Accident झज्जर में दर्दनाक सड़क हादसा: एयरफोर्स का फॉर्म भरने जा रहे दो...

झज्जर में दर्दनाक सड़क हादसा: एयरफोर्स का फॉर्म भरने जा रहे दो दोस्तों की मौत, एक गंभीर घायल

7
0

झज्जर। हरियाणा के झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग पर  दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एयरफोर्स भर्ती प्रक्रिया से जुड़े तीन दोस्तों में से दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बाजीतपुर रोड स्थित रामा मॉडल फार्म के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने आई-10 कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, भदानी गांव निवासी 17 वर्षीय निशांत, 24 वर्षीय मुकुल और 19 वर्षीय दीपक कार से झज्जर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि निशांत एयरफोर्स भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए झज्जर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामा मॉडल फार्म के पास पहुंचते ही सामने से आए ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिसके कारण युवकों को बाहर निकालने के लिए वाहन को रॉड और अन्य औजारों की मदद से काटना पड़ा।

तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 17 वर्षीय निशांत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुकुल को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरे युवक दीपक का एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

परिजनों के अनुसार, निशांत अपने परिवार का बड़ा बेटा था और उसके छोटे भाई की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। वहीं, मुकुल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। दीपक भी अपने परिवार का एकमात्र बेटा है और उसकी एक बड़ी बहन है।

बताया जा रहा है कि हादसे में घायल दीपक की कुछ ही दिनों बाद नौकरी पर जॉइनिंग होनी थी, जबकि मृतक मुकुल भी एयरफोर्स भर्ती की परीक्षा पास कर चुका था। ऐसे में इस दुर्घटना ने तीन परिवारों के सपनों को गहरा झटका दिया है।

सदर थाना पुलिस के अनुसार, मृतक निशांत के पिता की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here