अंबाला |हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने जनहित में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अंबाला कैंट के चंदपुरा गांव में जले हुए ट्रांसफॉर्मर को समय पर न बदलने की शिकायत पर की गई।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि विभागीय अधिकारियों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शहरी क्षेत्रों में 1 घंटे और ग्रामीण इलाकों में अधिकतम 2 घंटे के भीतर ट्रांसफॉर्मर बदलने या उसकी मरम्मत कर बिजली बहाल की जाए।
15 दिन से जला पड़ा था ट्रांसफॉर्मर, नहीं मिला समाधान
जानकारी के अनुसार, चंदपुरा गांव में लगभग 15 दिन पहले बिजली का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत इंडस्ट्रियल एरिया सब स्टेशन के जेई संजय कुमार से की, लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। परेशान ग्रामीणों ने अंततः ऊर्जा मंत्री से सीधे शिकायत की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री विज ने तुरंत संज्ञान लिया और जेई संजय कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी किए।
मंत्री के निर्देश पर होगी सख्ती
ऊर्जा मंत्री ने पहले ही अधिकारियों को निर्देश दे रखे हैं कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने की स्थिति में निर्धारित समय सीमा के भीतर ही मरम्मत या बदलाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मामले में तय मानकों का उल्लंघन होने पर उन्होंने यह कड़ा कदम उठाया है।







