हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में छात्र-छात्राओं का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। इस बीच, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक अर्जुन चौटाला पार्टी प्रतिनिधियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और विश्वविद्यालय प्रशासन व कुलपति पर तीखा हमला बोला।
अर्जुन चौटाला ने एचएयू प्रशासन पर छात्रों के खिलाफ अत्याचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों पर बर्बर तरीके से लाठीचार्ज किया गया, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति को “फर्जी” करार देते हुए आरोप लगाया कि कुलपति ने अवार्ड को लेकर गड़बड़ी की है और इस मामले को उन्होंने विधानसभा में भी उठाया था।
‘वीसी को नहीं है जिम्मेदारी का अहसास’
चौटाला ने कुलपति पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि “यह आत्ममुग्ध व्यक्ति विश्वविद्यालय को चला रहा है और उसे अपनी जिम्मेदारियों की कोई समझ नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि आंदोलन कर रहे छात्रों को न्याय दिलाने के लिए इनेलो की टीम पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है।
फर्जी MLR के खिलाफ उठाई आवाज
इनेलो विधायक ने यह भी कहा कि छात्रों की कथित फर्जी मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) के खिलाफ अब जनहित याचिका (PIL) दाखिल की जाएगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि जिन अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने छात्रों पर अत्याचार किया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
चौटाला ने भरोसा दिलाया कि छात्रों से जुड़े इस मामले को हरियाणा विधानसभा में मजबूती से उठाया जाएगा ताकि उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को उठा रहे छात्रों के साथ जो सख्ती की गई है, वह निंदनीय है।







