Home Haryana बिहार और पंजाब में बीजेपी का बड़ा दांव, सीएम नायब सैनी बनेंगे...

बिहार और पंजाब में बीजेपी का बड़ा दांव, सीएम नायब सैनी बनेंगे ओबीसी चेहरा

237
0

चंडीगढ़ | हरियाणा में हैट्रिक का लक्ष्य साध चुकी भारतीय जनता पार्टी अब राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पार्टी बिहार और पंजाब जैसे राज्यों में ओबीसी समाज का प्रमुख चेहरा बनाकर मैदान में उतारने जा रही है। मुख्यमंत्री सैनी 6 जुलाई को पटना में एक बड़े सामाजिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, सीएम सैनी पटना में श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित माली समाज के भव्य सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस मंच के जरिए भाजपा माली समाज के साथ-साथ ओबीसी वर्ग को साधने की कोशिश करेगी। पार्टी का मानना है कि सैनी की छवि एक मजबूत और जमीनी नेता के तौर पर उभरी है, जिसे बिहार जैसे राज्यों में भुनाया जा सकता है।

यह सम्मेलन न केवल सामाजिक जुड़ाव का माध्यम बनेगा, बल्कि भाजपा के आगामी चुनावी अभियान की दिशा भी तय करेगा। कार्यक्रम में सैनी के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इस आयोजन के बहाने पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपनी ओबीसी पकड़ को और मजबूत करना चाहती है।

पंजाब में भी दिख रही सैनी की सक्रियता

भाजपा ने मुख्यमंत्री सैनी को पंजाब में भी प्रमुख भूमिका देने के संकेत दे दिए हैं। वह हाल ही में जालंधर, डेराबस्सी, संगरूर और अन्य क्षेत्रों में लगातार सक्रिय दिखे हैं। सैनी न केवल राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं, बल्कि स्थानीय सामाजिक आयोजनों में भी भागीदारी कर रहे हैं, जिससे आम आदमी पार्टी सहित विपक्षी दलों में चिंता बढ़ गई है।

पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि पंजाब में पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जातियों का बड़ा वोट बैंक है, और सैनी समाज वहां खासा प्रभाव रखता है। ऐसे में सीएम सैनी का चेहरा भाजपा को मजबूत सामाजिक आधार दिला सकता है।

राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका की तैयारी

भाजपा अब हरियाणा से आगे बढ़कर सीएम सैनी की राजनीतिक छवि को राष्ट्रीय पटल पर भी स्थापित करना चाहती है। बिहार और पंजाब में उनके कार्यक्रम इसी रणनीति का हिस्सा हैं। साथ ही भाजपा द्वारा देशभर में चलाए जा रहे विशेष जनसंवाद अभियानों से भी यह स्पष्ट हो रहा है कि पार्टी 2025-26 के चुनावी दौर में सामाजिक समीकरणों के जरिये बड़ी बढ़त बनाना चाहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here