Home Haryana सोनीपत में बेटी की शादी के विरोध पर मां की हत्या, करंट...

सोनीपत में बेटी की शादी के विरोध पर मां की हत्या, करंट लगने का रचा नाटक

15
0

सोनीपत। सेक्टर-15 में बेटी की शादी के लिए राजी नहीं होने पर एक महिला की हत्या कर उसे बिजली का करंट लगने से हुई मौत का रूप देने का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण करंट नहीं, बल्कि मुंह और गला दबाने से दम घुटना सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। पुलिस के अनुसार, मृतका की बेटी जानवी और उसके दोस्त विशाल ने कथित तौर पर मिलकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक, रामेश्वरी अपनी बेटी जानवी और उसके दोस्त विशाल के साथ सेक्टर-15 स्थित मकान नंबर 3381 में किराये पर रहती थी। 3 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि रामेश्वरी की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जानवी, विशाल समेत अन्य लोग मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार, जानवी अपनी मां का पोस्टमार्टम नहीं कराने पर जोर दे रही थी। बाद में समझाने पर वह केवल बाएं हाथ का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुई, लेकिन समय अधिक होने के कारण उस दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। अगले दिन 4 अक्टूबर को पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकीय जांच में मामला संदिग्ध पाया गया और रिपोर्ट में मौत का कारण मुंह और गला दबाने से दम घुटना बताया गया। रासायनिक जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान कमरे से खून से सनी डबल बेड की चादर और काले रंग का एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों वस्तुओं समेत अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान जानवी के दोस्त विशाल ने वारदात से जुड़ी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, विशाल और जानवी के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों रामेश्वरी के साथ उसी मकान में रहते थे। आरोप है कि रामेश्वरी दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों ने कथित तौर पर उसकी हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, विशाल ने पूछताछ में बताया कि 3 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे रामेश्वरी कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर महिला का मुंह दबाया और हाथों से उसका गला दबा दिया। महिला की मौत के बाद वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद विशाल ने एक्सटेंशन बोर्ड के तार में कट लगाकर रामेश्वरी के बाएं हाथ पर करंट लगाया, ताकि उसकी मौत बिजली का झटका लगने से हुई प्रतीत हो। इसके बाद पुलिस को करंट लगने से मौत की सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले को हत्या में बदलते हुए संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here