Home Haryana सेक्टर-21 पुलिस चौकी परिसर में अवैध कब्जा, प्रशासनिक अनदेखी से उठे सवाल

सेक्टर-21 पुलिस चौकी परिसर में अवैध कब्जा, प्रशासनिक अनदेखी से उठे सवाल

81
0

Panchkula,28 December-:पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित पुलिस चौकी परिसर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का गंभीर मामला सामने आया है,जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी की दीवार के सहारे रेडी-फेरी वालों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है और वहां एक अस्थायी वेयरहाउस जैसा ढांचा खड़ा कर लिया गया है।इस स्थान पर मैकेनिक से जुड़ा सामान,खाने-पीने की वस्तुएं और गन्ने के ढेर तक खुलेआम रखे गए हैं।

हैरत की बात यह है कि यह सारा अतिक्रमण पुलिस चौकी के भीतर और आसपास हो रहा है,इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकी परिसर में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं,जिससे बदबू फैल रही है और स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। इससे न केवल आम जनता को परेशानी हो रही है,बल्कि पुलिस विभाग की छवि भी धूमिल हो रही है।एक ओर सरकार स्वच्छ भारत अभियान के तहत साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने को लेकर बड़े दावे करती है,वहीं दूसरी ओर पुलिस चौकी के अंदर ही इस तरह की अव्यवस्था और गंदगी प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि कोई आम नागरिक सरकारी जमीन पर कब्जा करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाती है,लेकिन पुलिस चौकी की जमीन पर बने इस अवैध ढांचे पर चुप्पी क्यों?

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या चौकी इंचार्ज और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को इस अवैध गतिविधि की जानकारी नहीं है,या फिर इसे जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अतिक्रमण तुरंत हटाया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का समान रूप से पालन हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here