अंबाला | अंबाला में जून की शुरुआत में राहत भरा मौसम अब धीरे-धीरे तपिश में तब्दील हो गया है। बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में जबरदस्त हीट वेव का असर देखा जा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जहां मई और जून के शुरुआती दिन अपेक्षाकृत ठंडे और सुहावने रहे, वहीं अब तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है।
शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। इसके चलते लोग बाहर निकलने से कतराने लगे हैं और जो लोग निकल भी रहे हैं, वे पूरी तरह से खुद को ढककर धूप से बचने की कोशिश कर रहे हैं। खासकर कॉलेज जाने वाली छात्राओं ने बताया कि गर्मी के कारण सफर करना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि मई तक तो मौसम संतुलित था, लेकिन अब गर्मी असहनीय हो चुकी है।
बस अड्डों पर यात्रियों ने भी तेज गर्मी से हो रही परेशानी की बात कही और बताया कि सफर अब थका देने वाला हो गया है।
डॉक्टर की सलाह: पानी की कमी से बचें
नागरिक अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया कि गर्मी में तापमान बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन इससे बचाव के लिए सावधानी जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि शरीर में पानी की कमी न होने दें, क्योंकि यही गर्मी में बीमारियों का मुख्य कारण बनता है।
अगर घर में RO नहीं है तो पानी को उबालकर पीना चाहिए। इसके अलावा, तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ, जलजीरा और ORS का सेवन नियमित रूप से करते रहना चाहिए। बाहर निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर जाएं और पानी की बोतल साथ जरूर रखें।







