टोहाना | शहर के डांगरा रोड पर स्थित नए बाईपास पर बुधवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी में सवार युवक ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। राहगीरों द्वारा सूचना देने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार आजाद नगर निवासी विक्रमजीत के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे उनका बेटा गगनदीप किसी काम से लेकर जा रहा था। जैसे ही वह बाईपास पर चढ़ा, कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
गर्मी और शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्रत्यक्षदर्शी प्रताप ने बताया कि 22 वर्षीय गगनदीप कार में अकेला था और तेज गर्मी के चलते कार में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क गई। गनीमत रही कि गगनदीप समय रहते वाहन से कूद गया, अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया, लेकिन वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।







